राज्यपाल की अध्यक्षता में आधुनिक रेल कोच फैक्ट्री, रायबरेली में चिंतन शिविर का हुआ आयोजन
राज्यपाल की अध्यक्षता में आधुनिक रेल कोच फैक्ट्री, रायबरेली में चिंतन शिविर का हुआ आयोजन
——
चिंतन शिविर में कार्य दक्षता, समन्वय एवं टीमवर्क पर विशेष बल
——
राज्यपाल ने आधुनिक रेल डिब्बा कारखाना में नई व्हील मशीनों का लोकार्पण, फैक्ट्री का किया अवलोकन

लखनऊः 10 मई, 2026 प्रदेश की राज्यपाल श्रीमती आनंदीबेन पटेल की अध्यक्षता में दिनांक 09 मई, 2026 को जनपद रायबरेली स्थित आधुनिक रेल डिब्बा कारखाना में जन भवन के अधिकारियों एवं कर्मचारियों हेतु चिंतन शिविर का आयोजन किया गया। शिविर में अधिकारियों एवं कर्मचारियों ने अपनी कार्य दक्षता, कार्य प्रणाली, कार्यों में आने वाली समस्याओं, आपसी समन्वय तथा टीमवर्क से संबंधित विषयों पर खुलकर विचार-विमर्श किया।
विभिन्न सत्रों में आयोजित इस चिंतन शिविर को संबोधित करते हुए राज्यपाल जी ने कहा कि हमें अपने अनुभवों का उपयोग समाज कल्याण के लिए करना चाहिए। उन्होंने गुजरात में आयोजित चिंतन शिविरों के अनुभव साझा करते हुए कहा कि ऐसे आयोजन व्यवहारिक परिवर्तन लाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाते हैं, जिसका सकारात्मक प्रभाव कार्य संस्कृति एवं कार्य निष्पादन पर स्पष्ट रूप से दिखाई देता है।
राज्यपाल जी ने अन्न की बर्बादी रोकने पर विशेष बल देते हुए कहा कि सभी को उतना ही भोजन ग्रहण करना चाहिए जितनी आवश्यकता हो तथा बच्चों को भी इस संबंध में संस्कारित किया जाना चाहिए। उन्होंने कहा कि समाज में समानता एवं समरसता की भावना को मजबूत करने के लिए सभी को समान दृष्टि से देखने की आवश्यकता है।
उन्होंने कहा कि प्रत्येक व्यक्ति में कोई न कोई क्षमता एवं कौशल अवश्य होता है। छोटी-छोटी बातों एवं त्रुटियों पर भी ध्यान देना चाहिए तथा यदि कोई गलती हो जाए तो उसे स्वीकार कर भविष्य में दोबारा न होने देने का प्रयास करना चाहिए। राज्यपाल जी ने कहा कि यह चिंतन शिविर सहयोग, समन्वय एवं आपसी विश्वास की भावना को सुदृढ़ करने के उद्देश्य से आयोजित किया गया है।
इस अवसर पर राज्यपाल जी ने जन भवन के अधिकारियों एवं कर्मचारियों को कार्य दक्षता बढ़ाने, टीमवर्क एवं बेहतर समन्वय स्थापित करने तथा आपसी संवाद को सुदृढ़ बनाने हेतु आवश्यक मार्गदर्शन एवं निर्देश दिए।
इस अवसर पर कार्यक्रम की रूपरेखा और उद्देश्यों पर विशेष कार्याधिकारी (अपर मुख्य सचिव स्तर) डॉ0 सुधीर महादेव बोबडे ने प्रकाश डाला।
कार्यक्रम के दौरान राज्यपाल जी द्वारा आधुनिक रेल कोच फैक्ट्री परिसर स्थित व्हील शॉप में स्थापित नई व्हील मशीनों का लोकार्पण किया गया तथा फैक्ट्री का अवलोकन भी किया गया।
इस अवसर पर विशेष कार्याधिकारी शिक्षा डॉ0 पंकज एल0 जानी, विशेष कार्याधिकारी श्री अशोक देसाई, व जनभवन के समस्त अधिकारी गण उपस्थित रहे।
चिंतन शिविर के पश्चात जन भवन के अधिकारियों एवं कर्मचारियों ने आधुनिक रेल डिब्बा कारखाना का भ्रमण भी किया तथा वहां संचालित विभिन्न तकनीकी एवं उत्पादन इकाइयों का अवलोकन किया। प्रतिभागियों ने कारखाने की आधुनिक कार्यप्रणाली, मशीनों एवं उत्पादन प्रक्रिया के संबंध में जानकारी प्राप्त की।
——
सम्पर्क सूत्र
कृष्ण कुमार-सूचना अधिकारी/जन भवन
राज्यपाल श्रीमती आनंदीबेन पटेल ने ‘कैंसर फ्री वूमेन भारत यात्रा – आनंदी मां एक जीवन बचाओ अभियान’ का हरी झंडी दिखाकर शुभारंभ किया
लखनऊः 10 मई, 2026

उत्तर प्रदेश की राज्यपाल श्रीमती आनंदीबेन पटेल ने आज मदर्स डे के अवसर पर जन भवन से स्त्री वेलफेयर फाउंडेशन द्वारा आयोजित “कैंसर फ्री वूमेन भारत यात्रा – आनंदी मां एक जीवन बचाओ अभियान” का हरी झंडी दिखाकर शुभारंभ किया।
रैली जन भवन पोर्टिको से शुरू होकर महात्मा गांधी मार्ग से होते हुए अटल चौक, पार्क रोड, डॉ0 भीमराव अम्बेडकर मार्ग, सिविल चौराहा तथा भानुमति रोड से गुजरते हुए सरोजिनी नायडू मार्ग चौराहे पर सम्पन्न हुई।
रैली के माध्यम से महिलाओं के स्वास्थ्य, कैंसर जागरूकता एवं स्वस्थ भारत के संकल्प को लेकर समाज को जागरूक करने का संदेश दिया गया।
इस अवसर पर महामहिम राज्यपाल महोदया ने अभियान की सराहना करते हुए संस्था के प्रतिनिधिमंडल से मुलाकात की तथा समाजहित में किए जा रहे कार्यों की प्रशंसा की। उन्होंने कहा कि महिलाओं का स्वास्थ्य केवल परिवार ही नहीं बल्कि पूरे समाज की मजबूती का आधार है तथा समय पर जांच एवं जागरूकता से कैंसर जैसी गंभीर बीमारी की रोकथाम संभव है।
रैली में 130 से अधिक लोगों ने सहभागिता कर “स्वस्थ मां – सुरक्षित भविष्य” का संदेश जन-जन तक पहुंचाया। कार्यक्रम में महिलाओं, युवाओं एवं सामाजिक कार्यकर्ताओं ने उत्साहपूर्वक भाग लिया तथा कैंसर के प्रति जागरूकता फैलाने का संकल्प लिया।
महामहिम ने संस्था को भविष्य में और व्यापक स्तर पर कार्य करने के लिए प्रेरित करते हुए कहा कि ऐसे अभियान समाज में नई चेतना एवं सकारात्मक परिवर्तन का माध्यम बनते हैं।
कार्यक्रम के दौरान उपस्थित लोगों ने यह संकल्प लिया कि—
“हर मां सुरक्षित हो,
हर बहन जागरूक हो,
हर बेटी स्वस्थ और सशक्त हो।”
यह अभियान केवल एक रैली नहीं, बल्कि समाज में स्वास्थ्य, जागरूकता एवं मानवीय संवेदनाओं को सुदृढ़ करने की दिशा में एक महत्वपूर्ण पहल है।
रैली के शुभारंभ के अवसर पर विशेष कार्याधिकारी, श्री राज्यपाल (अपर मुख्य सचिव स्तर) डॉ0 सुधीर महादेव बोबडे सहित अन्य महानुभाव उपस्थित थे।
राज्यपाल ने उत्तर प्रदेश सरकार के 06 नवनियुक्त मंत्रियों एवं 02 राज्य मंत्रियों को राज्यमंत्री (स्वतंत्र प्रभार) के रूप में पद एवं गोपनीयता की शपथ दिलाई
—–लखनऊ 10 मई, 2026

उत्तर प्रदेश की राज्यपाल श्रीमती आनंदीबेन पटेल ने आज जन भवन में आयोजित शपथ ग्रहण समारोह में उत्तर प्रदेश सरकार के 06 नवनियुक्त मंत्रियों एवं 02 राज्य मंत्रियों को राज्यमंत्री (स्वतंत्र प्रभार) के रूप में पद एवं गोपनीयता की शपथ दिलाई। इस अवसर पर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ, मंत्रिमंडल के सदस्य, जनप्रतिनिधिगण तथा अन्य गणमान्य अतिथि उपस्थित रहे।
शपथ ग्रहण करने वाले मंत्रियों में कैबिनेट मंत्री के रूप में श्री भूपेंद्र चौधरी एवं श्री मनोज कुमार पांडेय शामिल रहे। राज्य मंत्री (स्वतंत्र प्रभार) के रूप में श्री अजीत सिंह पाल तथा श्री सोमेंद्र तोमर ने शपथ ग्रहण की। वहीं राज्य मंत्री के रूप में श्रीमती कृष्णा पासवान, श्री कैलाश सिंह राजपूत, श्री सुरेंद्र दिलेर एवं श्री हंसराज विश्वकर्मा ने पद एवं गोपनीयता की शपथ ली।
समारोह के उपरांत राज्यपाल जी एवं मुख्यमंत्री जी ने सभी नवशपथ ग्रहण करने वाले मंत्रियों को पुष्पगुच्छ भेंट कर शुभकामनाएं दीं।