Government

PN-09-05-2026

राष्ट्रीय लोक अदालत में राज्य एवं जिला उपभोक्ता आयोगों में 426 मामलों का हुआ निस्तारण
लखनऊ: 09 मई, 2026

राज्य उपभोक्ता विवाद प्रतितोष आयोग उत्तर प्रदेश एवं प्रदेश के समस्त जिला उपभोक्ता आयोगों में दिनांक 09 मई 2026 को राष्ट्रीय लोक अदालत का आयोजन किया गया। राष्ट्रीय लोक अदालत के माध्यम से उपभोक्ताओं से संबंधित मामलों के त्वरित एवं सौहार्दपूर्ण निस्तारण की दिशा में महत्वपूर्ण प्रगति दर्ज की गई।
आयोग से प्राप्त जानकारी के अनुसार राज्य उपभोक्ता आयोग में कुल 27 मामले सूचीबद्ध किए गए, जिनमें से 16 मामलों का सफलतापूर्वक निस्तारण किया गया। इन मामलों में कुल 1,43,04,702 रुपये की धनराशि का समाधान (ैमजजसमउमदज) कराया गया।
इसी प्रकार प्रदेश के समस्त जिला उपभोक्ता आयोगों में कुल 803 मामले सूचीबद्ध हुए, जिनके सापेक्ष 410 मामलों का निस्तारण किया गया। इन मामलों में कुल 12,64,09,209.3 रुपये की धनराशि का समाधान (ैमजजसमउमदज) कराया गया।
राष्ट्रीय लोक अदालत के दौरान जिला उपभोक्ता आयोग बस्ती द्वारा सर्वाधिक 39 मामलों का निस्तारण किया गया, जबकि जिला उपभोक्ता आयोग गौतम बुद्ध नगर द्वारा सर्वाधिक 2,92,96,712 रुपये की धनराशि का समाधान (ैमजजसमउमदज) कराया गया।
सम्पर्क सूत्र- अमरेश कुमार

पारदर्शी एवं नकलविहीन वातावरण में सम्पन्न हुई प्रवक्ता संवर्ग की लिखित परीक्षा:
डॉ. प्रशांत कुमार

17 मण्डल मुख्यालयों में आयोजित हुई प्रवक्ता संवर्ग की लिखित परीक्षा

एआई एकीकृत नियंत्रण कमांड कक्ष से सभी परीक्षा केन्द्रों की सघन निगरानी हुई

लखनऊ: 09 मई, 2026
उत्तर प्रदेश शिक्षा सेवा चयन आयोग के अध्यक्ष डॉ. प्रशांत कुमार ने बताया कि आयोग द्वारा आयोजित विज्ञापन सं० 02/2022 प्रवक्ता संवर्ग के अंतर्गत कुल 18 विषयों की लिखित परीक्षा के क्रम में शनिवार को प्रथम पाली एवं द्वितीय पाली में कुल 09 विषयों की परीक्षा प्रदेश के 17 जनपदों (मण्डल मुख्यालयों) में निर्धारित परीक्षा केन्द्रों पर सफलतापूर्वक सम्पन्न कराई गई।
उन्होंने बताया कि प्रथम पाली में पूर्वान्ह 09ः30 बजे से 11ः30 बजे तक 278 परीक्षा केन्द्रों पर भौतिक विज्ञान, जीव विज्ञान, गृह विज्ञान, इतिहास एवं शिक्षाशास्त्र विषयों की परीक्षा आयोजित की गई, जबकि द्वितीय पाली में अपरान्ह 02ः30 बजे से 04ः30 बजे तक 269 परीक्षा केन्द्रों पर अंग्रेजी, कृषि, वाणिज्य एवं समाजशास्त्र विषयों की परीक्षा सम्पन्न हुई।
आयोग अध्यक्ष डॉ. प्रशांत कुमार ने बताया कि परीक्षा की पारदर्शिता एवं सुचिता सुनिश्चित करने हेतु आयोग मुख्यालय में स्थापित एआई एकीकृत नियंत्रण कमांड कक्ष से सभी परीक्षा केन्द्रों की सघन निगरानी की गई। इस दौरान आयोग के सदस्यगण, सचिव, परीक्षा नियंत्रक एवं उपसचिव की उपस्थिति में परीक्षा केन्द्रों पर लगाए गए ए.आई. कैमरों के माध्यम से परीक्षार्थियों की गतिविधियों पर सतत दृष्टि रखी गई। उन्होंने कहा कि प्रदेश के सभी निर्धारित परीक्षा केन्द्रों पर परीक्षा पूर्णतः पारदर्शी, नकलविहीन, सुचितापूर्ण, निर्विघ्न एवं समयबद्ध तरीके से सम्पन्न हुई।
डॉ. प्रशांत कुमार ने परीक्षा के सफल संचालन में जिला प्रशासन एवं स्थानीय प्रशासनिक अधिकारियों द्वारा दिए गए सक्रिय सहयोग के लिए आभार व्यक्त किया। उन्होंने बताया कि  09 मई 2026 की लिखित परीक्षा में कुल 89,766 परीक्षार्थी सम्मिलित हुए, जिनमें महिला परीक्षार्थियों की उपस्थिति 34.89 प्रतिशत तथा पुरुष परीक्षार्थियों की उपस्थिति 42.26 प्रतिशत रही।
सम्पर्क सूत्र- धर्मवीर खरे

राष्ट्रीय लोक अदालत में 53 वादों का निस्तारण, तीन करोड़ से अधिक का मुआवजा दिलाया गया

लखनऊ: 09 मई, 2026

माननीय उच्च न्यायालय इलाहाबाद, लखनऊ खंडपीठ में शनिवार को राष्ट्रीय लोक अदालत का आयोजन किया गया। यह आयोजन माननीय वरिष्ठ न्यायमूर्ति राजन रॉय, अध्यक्ष, उच्च न्यायालय विधिक सेवा उपसमिति, लखनऊ की अध्यक्षता में सम्पन्न हुआ।
उच्च न्यायालय विधिक सेवा उपसमिति के सचिव एवं निबंधक (जे.) (स्टेशनरी) श्री भगीरथ वर्मा ने बताया कि राष्ट्रीय लोक अदालत में कुल 53 वादों का सफलतापूर्वक निस्तारण किया गया। इन मामलों में पक्षकारों के बीच सहमति बनने पर कुल 3 करोड़ 49 लाख 3 हजार 251 रुपये 60 पैसे की धनराशि मुआवजे के रूप में दिलाई गई।
सम्पर्क सूत्र- अमरेश कुमार

Related Articles

Back to top button